Tuesday, July 28, 2026

रायपुर पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, IIM दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शनिवार सुबह रायपुर पहुंचे। वे नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आए हैं।

रायपुर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और आईआईएम के प्रतिनिधियों ने भी उनका अभिनंदन किया। स्वागत के बाद विदेश मंत्री सीधे एयरपोर्ट से नवा रायपुर स्थित आईआईएम परिसर के लिए रवाना हो गए।

दीक्षांत समारोह में डॉ. जयशंकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। अपने उद्बोधन में वे मैनेजमेंट, लीडरशिप, वैश्विक परिप्रेक्ष्य और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। कार्यक्रम के दौरान सफल विद्यार्थियों को डिग्री और मेडल प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम समाप्ति के बाद विदेश मंत्री का आज ही रायपुर से वापस लौटने का कार्यक्रम है। उनकी वापसी दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है। प्रशासन द्वारा उनके दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।