रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मुंबई जा रहे यात्रियों का हवाई सफर उस वक्त यादगार बन गया, जब उन्हें आसमान में ही मशहूर बॉलीवुड गायक सोनू निगम की लाइव परफॉर्मेंस सुनने का मौका मिला। फ्लाइट में सफर कर रहे सोनू निगम ने यात्रियों की फरमाइश पर अपने लोकप्रिय गाने सुनाकर माहौल खुशनुमा कर दिया। अचानक मिले इस म्यूजिकल सरप्राइज से यात्री भी उत्साहित नजर आए। इस खास पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फ्लाइट में सोनू निगम ने गाए अपने लोकप्रिय गाने
जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यात्रियों के बीच गानों की प्रस्तुति दी। यात्रियों ने उनसे अपने पसंदीदा गाने सुनाने की फरमाइश की, जिसके बाद सोनू निगम ने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गाने गाए।
आसमान में अचानक शुरू हुई इस सुरों की महफिल ने फ्लाइट का माहौल खास बना दिया। यात्री भी उनके साथ गुनगुनाते और इस यादगार पल का आनंद लेते नजर आए। कई यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन में इस प्रस्तुति का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में दी थी प्रस्तुति
बताया जा रहा है कि सोनू निगम रायपुर में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट के लिए पहुंचे थे। उन्होंने रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में अपनी प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम के बाद अगले दिन वह मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान रायपुर से मुंबई की फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने और उनकी लाइव गायकी सुनने का अनोखा मौका मिल गया।
यात्रियों के लिए यादगार बना हवाई सफर
आमतौर पर विमान यात्रा में यात्री अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार करते हैं, लेकिन इस सफर में उन्हें बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक की लाइव परफॉर्मेंस का तोहफा मिल गया। सोनू निगम की गायकी ने कुछ देर के लिए फ्लाइट को ही म्यूजिक कॉन्सर्ट में बदल दिया।








