रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए। यह वारदात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश के गृह मंत्री Vijay Sharma राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठकें कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचा और हाथ में रखा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के समय वे अकेले थे। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद श्री कौशिक ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सुनियोजित मोबाइल स्नैचिंग की घटना मान रही है।
राजधानी में सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि जिस समय यह घटना हुई, उसी दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।







