
नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से ED अफसर की पूछताछ जारी है। दूसरे दिन राहुल गांधी कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ प्रियंका गांधी भी थीं। राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। दोनों दिन कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए हंगामे के कारण वहां धारा 144 लागू कर दी है।
राहुल के साथ पैदल मार्च करके जा रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को घसीटकर पुलिस ने वैन में बैठा लिया। मार्च में शामिल अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें चोट आई है। पी चिदंबरम को भी पसली में चोट आई है।
CM बघेल की पुलिस से झड़प
कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिल्ली पुलिस से झड़प हो गई। उन्होंने पुलिस से कहा- आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं। लेकिन, पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इससे पहले राहुल अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का हंगामा
बैरिकेड पर रोके जाने के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने हंगामा किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि गोली मारो मुझे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वैन में बैठाया तो पुलिस और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।









