जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में आज सुबह गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब आर्मी के रिटायर्ड हवलदार ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से एक युवक को गोली मार दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। पामगढ़ के विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली–गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास मौके पर लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचा और पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलशन श्रीवास को हिरासत में ले लिया। पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि आरोपी गुलशन श्रीवास आर्मी के सिग्नल कोर से रिटायर्ड हवलदार है और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के साथ उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग करने के आरोप में हिरासत में लिया है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









