अवैध रेत खनन के धंधे ने कांग्रेस संगठन की एकता में अपराध का घुन लगा दिया है। राजनांदगांव जिले में दो गुट इसके खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। खुज्जी विधायक छन्नी साहू के पति चंदू साहू पर अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण कानून (SC-ST ACT) के तहत अपराध दर्ज हो गया है।
विधायक का आरोप है कि उन्होंने अवैध खनन का विरोध किया तो उनके पति के खिलाफ FIR की गई है। जिस व्यक्ति, वीर सिंह उइके ने थाने में विधायक पति की शिकायत की वह जिले के OBC कांग्रेस नेता तरुण सिन्हा का ड्राइवर है। ड्राइवर वीर सिंह उइके ने अजाक थाने में दी शिकायत में कहा था, पैरीटोला निवासी चंदू साहू ने उसके साथ मारपीट की। गाली दी और जाति सूचक गालियां देकर हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी है। गवाही में उसने एक व्यक्ति को खड़ा किया जाे उसी गाड़ी में हमाल है। दोनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक छन्नी साहू ने बातचीत में बताया कि उनके क्षेत्र में नदियों से रेत का अवैध खनन हो रहा है। इसका ग्रामीण और वे विरोध करते रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने DFO से इस पर रोक लगाने को कहा था। DFO ने कहा कि पकड़े जाने पर वे लोग आपका नाम लेते हैं। उन्होंने कहा, वे लोग उनका भी नाम लें तो भी किसी को अवैध रेत न ले जाने दिया जाए।







