
एमएनएस चीफ राज ठाकरे ने ईद के दिन होने वाले महाआरती के कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। ठाकरे ने सोशल मीडिया में लिखा कि कल ईद होने कि वजह से मनसे कार्यकर्ताओं को महाआरती नहीं करने का आदेश दिया जाता है।
इस बीच राज ठाकरे के अयोध्या जाने की चर्चा जोर पर है। मुंबई के विभिन्न हिस्सों में सोमवार सुबह बड़े पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं, जिनमें अयोध्या चलो का नारा दिया गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने कार्यकर्ताओं से 5 जून को अयोध्या चलने का आह्वान किया है। उस दिन राज भी अयोध्या जाएंगे। हालांकि, राज के अयोध्या दौरे को लेकर मनसे ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
राज की औरंगाबाद रैली की होगी जांच
औरंगाबाद पुलिस के सूत्रों ने बताया कि, मामले की जांच के लिए एक डीसीपी स्तर के अधिकारी को लगाया गया है। इसके बाद लीगल टीम से सलाह ली जाएगी। ये देखा जाएगा कि जिन 16 शर्तो को इस रैली के आयोजक से पालन करने को कहा गया था, उसका उल्लघंन हुआ है या नही।
गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने आज इस मुद्दे को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई है। मीटिंग में राज के उस अल्टीमेटम पर चर्चा होगी, जिसमें उन्होंने 4 मई से पूरे राज्य में लाउडस्पीकर पर अजान के दौरान दोगुनी आवाज में हनुमान चालीसा बजाने को कहा था।
यह है राज ठाकरे का नया अल्टीमेटम
रविवार को मनसे प्रमुख ने कहा कि वह मस्जिदों से 3 मई तक लाउडस्पीकर हटाने की बात पर अडिग हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर सभी हिंदू इन धार्मिक स्थलों के बाहर हनुमान चालीसा चलाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार लाउडस्पीकर हटा सकती है, तो महाराष्ट्र सरकार को कौन सी बात रोक रही है। ठाकरे ने कहा, ‘मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की 3 मई की डेडलाइन के बाद क्या होगा, मैं उसके लिए जिम्मेदार नहीं हूं।’
हम भी राज का उसी अंदाज में जवाब दे सकते हैं: सांसद इम्तियाज
राज के अल्टीमेटम का जवाब देते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के सांसद इम्तियाज जलील ने कहा-‘हमारे मुंह में भी जुबान है, राज ठाकरे जिस अंदाज में बोलेंगे, हम भी इसका जवाब उसी अंदाज में दे सकते हैं।’ जलील ने पूछा, राज ठाकरे ने सभा के लिए औरंगाबाद ही क्यों चुना है?







