
मणिपुर में कई दिन से जारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही है। बुधवार रात नोनी जिले के तुपुल रेलवे स्टेशन के पास हुए लैंडस्लाइड की चपेट में 107 टेरिटोरियल आर्मी का कैंप आ गया। इस हादसे के बाद दर्जनों जवान मिट्टी में दब गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 6 जवानों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि 55 से ज्यादा अभी दबे हुए हैं। इन्हें बाहर निकालने के रेस्क्यू मिशन जारी है। मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह हादसे को लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। घायलों की मदद के लिए डॉक्टरों की एक टीम मौके पर रवाना हो गई है।
दिल्ली में बारिश से राहत तो पटना में आफत
दूसरी तरफ उत्तर भारत में आज सुबह मानसून की दस्तक के साथ लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को दिल्ली-NCR, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश के साथ मानसून ने दस्तक दी।
पटना में मानसून की एंट्री के साथ एक अनहोनी घटना सामने आई है। यहां हथुआ मार्केट में आज सुबह एक बाइक पर बिजली गिरने से आग लग गई। इस आग ने देखते ही देखते 12 से ज्यादा दुकानों को अपनी जद में ले लिया। इससे 1 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है।







