गरियाबंद। गरियाबंद जिले के Udanti-Sitanadi Tiger Reserve क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर Varun Jain के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना उदंती अभ्यारण्य के कोर जोन अंतर्गत सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव की है। जानकारी के अनुसार, अभ्यारण्य प्रशासन ने हाल ही में कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों को लेकर 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। वन विभाग ने 166 परिवारों के मुखियाओं के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज कर नोटिस जारी किए थे।
कुछ आरोपियों ने नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। सोमवार को वन विभाग की टीम बयान दर्ज करने जैतपुरी गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, दो बार नोटिस जारी होने के बाद आरोपियों ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। हाल ही में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गांव में तनाव बढ़ गया था। इसी बीच ग्रामीणों ने महिलाओं को आगे कर वन विभाग की टीम का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से बचने के लिए अपनाए जा रहे हथकंडे सफल नहीं होंगे और वन विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।






