Sunday, July 5, 2026

विधिक शिक्षा के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा छत्तीसगढ़, ज्यूडीशियरी को सर्वोत्तम अधोसंरचना उपलब्ध कराने में अग्रणी बनकर उभरेगा प्रदेश- CJI

रायपुर. उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति एन.वी. रमण आज रायपुर में आयोजित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पांचवे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ज्यूडिशियल कम्युनिटी के बजट और अधोसंरचना संबंधित सभी आवश्यकताओं का पूरा ख्याल रख रही है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये ट्रेंड इसी तरह जारी रहेगा और छत्तीसगढ़ ज्यूडिशियरी को सर्वोत्तम अधोसंरचना उपलब्ध कराने में अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा. मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति एन.वी. रमण ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ में विधिक शिक्षा के विकास  में सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान करने के लिए उन्हें बधाई दी. उन्होंने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को गुड गवर्नेंस प्रदान करने उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं.

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए CJI रमण ने छात्रों से कहा कि आप सभी के पास एक विजन होना चाहिए और उसे पाने के लिए आप सभी के भीतर जोश और जज्बा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि आप सभी इस देश के लिए अनमोल हैं और हम सभी को टेलेन्डेट माइन्ड्स को सही दिशा मे ले जाने की जरूरत है. रायपुर के हिदायतुल्ला नेशनल लॉ युनिवर्सिटी की तारीफ करते हुए CJI ने कहा कि इसका नाम एक महान विधिवेत्ता के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन विधि के नाम पर समर्पित कर दिया था. CJI ने दीक्षांत समारोह में छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ज्ञान और सूचना सबसे बड़े धरोहर हैं और इनका सही उपयोग करके ही हमें विकसित होते जाना है.

दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए. मुख्यमंत्री बघेल ने हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के जर्नल लॉ एंड सोशल साइंस के छठें संस्करण का विमोचन करते हुए गोल्ड मेडलिस्ट छात्रो को उपाधि वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.