जांजगीर-चांपा। जिले से आत्महत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, लक्षनपुर गांव निवासी 18 वर्षीय रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। छात्रा घर में अकेली थी। दोपहर में जब माता-पिता घर लौटे तो कमरे में बेटी का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों की हालत बिगड़ गई और उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगाई। घटना की जानकारी भी प्रेमी ने स्वयं सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि छात्रा ने दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच यह कदम उठाया।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले छात्रा ने किन लोगों से बातचीत की और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया।
पड़ोसियों और ग्रामीणों के अनुसार छात्रा पढ़ाई में ठीक थी और स्वभाव से मिलनसार थी। वह किसी तरह के तनाव या चिंता में भी नजर नहीं आती थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा की पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, पढ़ाई से जुड़ा दबाव या अन्य किसी मानसिक तनाव सहित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।






