नई दिल्ली। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का निधन हो गया है। वे महज 49 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर फैल गई है।
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट के माध्यम से बेटे के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को कार्डियक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया।
बुधवार रात करीब 10 बजे किए गए अपने पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने बेटे के निधन को अपने जीवन का सबसे अंधकारमय दिन बताया। उन्होंने लिखा कि वे अपने बेटे से किए गए वादे को निभाते हुए अपनी कमाई का 75 प्रतिशत हिस्सा समाज सेवा और कल्याण कार्यों में समर्पित करेंगे।
गौरतलब है कि अग्निवेश अग्रवाल वेदांता समूह की कंपनी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL) के बोर्ड सदस्य थे और कंपनी के संचालन से जुड़े अहम दायित्व निभा रहे थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि कॉरपोरेट जगत को भी गहरा आघात पहुंचा है।









