Thursday, March 12, 2026

वॉट्सऐप कॉल पर नक्सलियों ने कहा- बीजापुर मुठभेड़ के बाद लापता जवान हमारे कब्जे में, पर नुकसान नहीं पहुंचाएंगे

knn24news/ बीजापुर के तर्रेम में 3 अप्रैल को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में लापता जवान का पता चल गया है। नक्सलियों ने ही मीडिया को वॉट्सऐप कॉल पर जवान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जवान उनके पास है, पर उसे किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। वह सुरक्षित है। कोबरा बटालियन के इस जवान का नाम राकेश्वर सिंह मनहास है। वह जम्मू-कश्मीर का निवासी है। बीजापुर एसपी कमल लोचन ने इस जवान की लोकेशन नहीं मिलने की बात कही थी।

नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान 23 जवान शहीद हुए थे। इनमें से 20 के शव नहीं मिल पाए थे। एयरफोर्स की मदद से 20 जवानों के शव रिकवर किए गए थे। एक जवान लापता था।

पत्नी बोलीं- अभिनंदन की तरह मेरे पति को भी सुरक्षित लाए सरकार
कोबरा कमांडो राकेश्वर की पत्नी मीनू का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलियों की जो भी डिमांड है, उसे पूरा करे और पति की रिहा कराए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह पाकिस्तान से अभिनंदन को छुड़ाया था, उसी तरह मेरे पति को भी नक्सलियों के कब्जे से छुड़ाकर लाएं। मीनू के मुताबिक, CRPF कंट्रोल रूम फोन करने पर भी सही जानकारी नहीं मिल रही है।