Monday, March 16, 2026

शराब पीने पैसे नहीं देने पर पति ने दुधमुंहे बच्चे के सामने पत्नी पर केरोसिन डालकर लगाई आग; पड़ोसियों ने बचाया, केस दर्ज

knn24news/ बलरामपुर जिले के पचावल निवासी एक महिला पर उसके शराबी पति ने केरोसिन डालकर आग लगा दी, जब कपड़े जलने लगे तो महिला घर से बाहर दौड़ने लगी, शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और पानी डालकर उसकी जान बचा सके।

उसे गंभीर हालात में स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद अंबिकापुर मिशन अस्पताल ले जाया गया। जहां तबीयत में थोड़ा सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। पचावल निवासी सविता सोनवानी 38 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका पति प्रवीण अक्सर शराब पीकर मारपीट करता रहता था। 20 मार्च को दिन में करीब 10 बजे उसका पति शराब के नशे में लौटा और शराब के लिए पैसा मांगने लगा। पैसा नहीं देने पर मारपीट कर रसोई में रखे मिट्टीतेल को निकाला और उसके ऊपर उसे उड़ेलकर माचिस से आग लगा दी। चिल्लाने पर पड़ोसी अभिषेक चेरवा आया और पानी डालकर आग बुझाई। जबकि घटना के समय महिला की सास भी घर पर थी।

घटना के बाद आरोपी अपनी बहन पित्तु के घर चला गया व उसे बुलाकर लाया फिर वे बाइक से महाराजगंज अस्पताल ले गए। वहां इलाज न होने पर टेम्पो से बलरामपुर शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से बलरामपुर में महिला के मायके पक्ष से परिजन पहुंचे। इसके दूसरे दिन वे रामानुजगंज और फिर हालत गंभीर देख 29 मार्च को अंबिकापुर ले गए। अंबिकापुर अस्पताल से 8 अप्रैल को उसे डिस्चार्ज किया गया।

डेढ़ साल का बेटा है
महिला की शादी 2011 में ग्राम पचावल के प्रदीप उर्फ प्रवीण सोनवानी से हुई थी। इसके बाद उनके 4 व डेढ़ वर्ष के दो बेटे हैं। जबकि शराब पीकर मारपीट करने के कारण सामाजिक बैठक भी कई बार हो चुकी थी।