बलरामपुर | छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। वाड्रफनगर विकासखंड के बसंतपुर हाईस्कूल में छात्रों द्वारा स्कूल के भीतर अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए अश्लील भोजपुरी गाने पर डांस करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
लैब में अंधेरा कर मचाया बवाल
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 9 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। कक्षा 11वीं के कुछ छात्रों ने स्कूल के टेलीकॉम लैब को अपना मनोरंजन केंद्र बना लिया। छात्रों ने लैब की लाइटें बंद कीं और वहां मौजूद टीवी स्क्रीन पर ‘लुलिया मांगेले’ जैसे अश्लील भोजपुरी गाने बजाए। वीडियो में छात्र आपत्तिजनक तरीके से डांस करते और हुड़दंग मचाते नजर आ रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल खुद दी जानकारी
हैरानी की बात यह है कि छात्रों ने न केवल नियम तोड़े, बल्कि पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो में स्कूल परिसर और कक्षा साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह घटना स्कूल समय के दौरान की ही है।
कार्रवाई की तैयारी में शिक्षा विभाग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में भारी रोष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हुड़दंग करने वाले छात्र 11वीं कक्षा के अलग-अलग संकायों (Subjects) से हैं।









