Tuesday, March 24, 2026

संडे मार्केट में बवाल: चोरी के शक में विवाद, बीच बाजार महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार शाम संडे मार्केट के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चोरी के शक में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। बीच बाजार पुरुष और महिलाओं के दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, वहीं महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर घसीटते हुए मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

संडे मार्केट में हुआ हंगामा

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां हर रविवार रिवर व्यू रोड पर संडे मार्केट लगता है। जानकारी के मुताबिक, राजीव गांधी चौक निवासी नरेंद्र तेंदुलकर यहां बैग की दुकान लगाता है। रविवार शाम करीब 7 बजे चंद्रकुमार अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने पहुंचा था।

चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि इसी दौरान दुकानदार की पत्नी को शक हुआ कि चंद्रकुमार के साथ आई महिला ने चुपके से एक बैग अपने थैले में रख लिया है। जब दुकानदार की पत्नी ने महिला से पूछताछ की, तो उसने बैग लेने से साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद झूठा आरोप लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

बीच बाजार चली लात-घूंसे

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। पुरुष एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे, वहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं और एक-दूसरे के बाल पकड़कर सड़क पर ही घसीटते हुए मारपीट करती नजर आईं।