Saturday, May 2, 2026

सक्ती जनपद पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, नीतू ऋषि राय बनीं निर्विरोध अध्यक्ष, बंशीधर खांडे उपाध्यक्ष निर्वाचित

सक्ती। जनपद पंचायत सक्ती में 23 मार्च को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें कांग्रेस ने भारी बढ़त दर्ज की। नीतू ऋषि राय को निर्विरोध जनपद पंचायत अध्यक्ष चुना गया, जबकि बंशीधर खांडे ने उपाध्यक्ष पद के लिए 24 में से 18 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। चुनावी प्रक्रिया के दौरान भाजपा का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और पार्टी पूरी तरह हाशिए पर चली गई।

भाजपा पवेलियन में, कांग्रेस का रहा दबदबा

जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के लिए केवल नीतू ऋषि राय ने नामांकन दाखिल किया, जिसके विरोध में किसी भी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा। ऐसे में वह निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। उनके नाम का प्रस्ताव सत्यप्रकाश महंत ने रखा, जिसे सुषमा साहू ने समर्थन दिया।

वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी बंशीधर खांडे और भाजपा प्रत्याशी रजनी देवी राठौर के बीच मुकाबला हुआ। मतदान प्रक्रिया में 24 में से 18 मत बंशीधर खांडे को मिले, जबकि रजनी देवी राठौर को सिर्फ 6 वोट मिले।

छह जनपद सदस्य रहे अनुपस्थित

अध्यक्ष पद के चुनाव में 6 जनपद सदस्य अनुपस्थित रहे, लेकिन उपाध्यक्ष पद के चुनाव में सभी 24 सदस्य मौजूद रहे। चुनावी प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी अरुण सोम की देखरेख में संपन्न हुई।

भाजपा को तगड़ा झटका

जनपद पंचायत सक्ती में चुनाव के दौरान भाजपा का पूरी तरह सफाया हो गया। प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद सक्ती में भाजपा अपने प्रत्याशी को जीत नहीं दिला पाई। यह स्थिति तब है जब भाजपा सांसद कमलेश जांगड़े और जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल इसी क्षेत्र से हैं।

चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव के दौरान एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

कांग्रेसियों ने मनाया जीत का जश्न

चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे, पटाखे और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीतू ऋषि राय और उपाध्यक्ष बंशीधर खांडे ने अपने समर्थकों के साथ मां महामाया मंदिर में दर्शन किए और बिसाहू दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।