Monday, March 16, 2026

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान: सड़क किनारे खड़े 9 ट्रक-ट्रेलरों पर पुलिस की कार्रवाई

कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। थाना सिविल लाइन रामपुर, चौकी सीएसईबी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 ट्रक/ट्रेलर चालकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने सीएसईबी चौक से स्टेडियम चौक मार्ग के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

जांच के दौरान सीएसईबी पंचवटी तिराहा और सीएसईबी चौक से स्टेडियम मार्ग के किनारे कई भारी वाहन सड़क किनारे पार्किंग कर खड़े पाए गए, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी वाहन चालकों को नो-पार्किंग स्थल पर ट्रक-ट्रेलर खड़े न करने की समझाइश और चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 9 चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में सड़क किनारे भारी वाहन खड़ा न करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही बताया कि जिले में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने ट्रक और ट्रेलर चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर दुर्घटनाओं की संभावना कम हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।