कोरबा (बांगो)। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से करीब 9 लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपी भाजपा नेता चार महीने बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस की सुस्ती को लेकर पीड़ितों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामसाय केंवट ने बताया कि आरोपी दीपक श्रीवास खुद को भारतीय जनता मजदूर यूनियन कौंसिल का राष्ट्रीय सचिव बताता था और अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाता था। रामसाय समेत तीन लोगों ने अपने बेटों को सरकारी नौकरी लगवाने के लिए दीपक को कुल मिलाकर लगभग 9 लाख रुपये दे दिए थे।
रकम लेने के बाद दीपक ने न तो किसी की नौकरी लगवाई और न ही रकम लौटाई। जब पीड़ितों ने रकम की वापसी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः फरार हो गया।
इस मामले में चार माह पूर्व बांगो थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन आज तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर उन्हें न्याय दिलाया जाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।











