कोरबा। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने नगर निगम सभागार में साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वहीं, सामाजिक सरोकार का संदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान भी किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने रक्तदान कर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति का रक्तदान किसी मरीज का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने नागरिकों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
ASP और CSP ने भी किया रक्तदान
पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद पुलिसकर्मियों और नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के जरिए पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का भी संदेश दिया।
साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को सलाह दी गई कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ OTP, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके अलावा अनजान मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने और फर्जी कॉल से सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के मामलों में भी सावधान रहने की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को डराकर या झांसे में लेकर ठगी कर रहे हैं, ऐसे में जागरूक रहना जरूरी है।
साइबर अपराध होने पर 1930 पर करें संपर्क
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। साइबर चौपाल के माध्यम से पुलिस ने लोगों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया, वहीं रक्तदान शिविर के जरिए मानव सेवा के लिए आगे आने की अपील की।









