Thursday, March 12, 2026

साधु के भेष में भीख मांग रहा युवक मुस्लिम निकला, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साधु के भेष में घर-घर भीख मांग रहे एक युवक को लेकर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, भगवा वस्त्र धारण कर तंबूरा बजाते हुए “राम-राम” और “जय श्रीराम” का उद्घोष कर रहा युवक बाद में मुस्लिम समुदाय का बताया गया। यह मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

स्थानीय लोगों को युवक के हाव-भाव पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उससे कुछ धार्मिक प्रश्न पूछे। बताया जा रहा है कि वह प्रश्नों के उत्तर नहीं दे सका और घबरा गया। इसके बाद मौके पर मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में बदली पहचान

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपना नाम यादव बताया, लेकिन आगे की पूछताछ में उसने अपना नाम हवलदार, पिता का नाम मुस्तफा बताते हुए खुद को मुस्लिम बताया। युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने यह भी बताया कि युवक के पास कोई वैध पहचान पत्र नहीं था। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि वह बिना किसी आधिकारिक एंट्री के दरगाह क्षेत्र में रुका हुआ था।

एक और व्यक्ति हिरासत में

जामुल थाना पुलिस के मुताबिक, युवक की निशानदेही पर उसके एक साथी को भी मौर्या टॉकिज के पास से हिरासत में लिया गया है। यह व्यक्ति एक मजार के आसपास रुका हुआ था। दोनों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि साधु का भेष धारण कर भीख मांगने के पीछे क्या उद्देश्य था और इसमें किसी तरह की संगठित गतिविधि तो शामिल नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।