रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार तय हो गया है। आज सुबह 10:30 बजे राजभवन में तीन विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने लेटर जारी कर इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब नए मंत्री पद की शपथ लेंगे। स्टेट गैरेज में तीनों विधायकों के लिए कारें तैयार कर दी गई हैं। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में समय पर पहुंचने के लिए इन्हें मैसेज भी भेज दिया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की थी। वहीं रविवार सुबह राज्यपाल डेका ने जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और मीडिया से बातचीत में इशारों में कहा कि “कुछ तो होने वाला है।”
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी के तीन सीनियर विधायकों ने इस्तीफे की धमकी दी है। संभव है कि उसी दबाव में मंत्रिमंडल विस्तार को टालना पड़ा हो। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने करीबी को मंत्री बनवाने दिल्ली गए थे। साथ ही कहा कि “नए मंत्री बनते ही सरकार की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी।”