कोरबा। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले सीएसईबी चौक पर नगर निगम कोरबा द्वारा लगभग 32 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे सिग्नल शेड का निर्माण अब लोगों की सुविधा से ज्यादा खतरे का कारण बनता नजर आ रहा है।
यह सिग्नल शेड ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को तेज धूप और बारिश से राहत देने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और लापरवाही ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक निर्माण स्थल पर ठेकेदार द्वारा करीब दो फीट गहरे गड्ढे खोदकर सरियों के कॉलम तैयार किए गए हैं, लेकिन महीनों से काम अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क के बीचोंबीच खुले गड्ढे और बाहर निकले नुकीले सरिए कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
हालांकि आसपास चेतावनी टेप लगाई गई है, लेकिन व्यस्त यातायात वाले इस चौक पर जरा सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना को न्योता दे सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या निगम प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा। शहर के मुख्य चौक पर लंबे समय से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य अब प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर पेश कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।








