Wednesday, May 13, 2026

सीएसईबी चौक से स्टेडियम मार्ग पर भारी जाम, लोगों में बढ़ा आक्रोश

कोरबा। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल सीएसईबी चौक से स्टेडियम तक की सड़क पर लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था से आम लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से इस मार्ग की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक सड़क पर कई जगह अव्यवस्था के कारण घंटों तक वाहन फंसे रहते हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आपातकालीन स्थिति में इस मार्ग का उपयोग करना जोखिम भरा साबित हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सड़क पर बिना उचित ट्रैफिक प्रबंधन के आवाजाही बाधित की जा रही है। कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि आखिर ट्रैफिक नियमों का पालन कौन करवा रहा है, यह समझ से परे है।

नागरिकों ने प्रशासन से जल्द ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, जाम की समस्या दूर करने और सड़क पर सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।