Saturday, April 18, 2026

स्पाइसजेट के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग:दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट में अचानक भर गया धुआं

स्पाइसजेट के विमान में धुआं भरने के बाद शनिवार सुबह दिल्ली में इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। स्पाइसजेट की दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जिस समय धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था।

धुआं भरते ही पैसेंजर्स में अफरातफरी मच गई और विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया गया। इसके बाद उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। स्पाइसजेट के इस प्लेन ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी।

दिल्ली से जबलपुर आ रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में तकरीबन 60 से 70 यात्रियों को लेकर जैसे ही विमान जबलपुर के लिए उड़ा तभी कुछ मिनिट बाद विमान में चिंगारी उठी और प्लेन के भीतर धुँआ-धुँआ हो गया। ए.सी बन्द हो जाने से यात्री परेशान हो गए। प्लेन में आई गड़बड़ी के बाद पायलट ने पुनः दिल्ली एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई।

प्लेन में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि आज सुबह तकरीबन 6:15 बजे दिल्ली से जबलपुर के लिए स्पाइस जेट का विमान उड़ान भरा। क़रीब 15 मिनिट बाद ही प्लेन में अचानक से ही चिंगारी निकली और धुआँ-धुआँ हो गया। ए.सी बन्द हो जाने से सभी यात्री परेशान होने लगे,कोई मैगजीन से तो कोई कपड़े से हवा कर रहा था। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर पायलट ने प्लेन को पुनः दिल्ली तरफ ले जाकर एयरपोर्ट में सुरक्षित लैंडिंग करवाई।

दिल्ली से जबलपुर स्पाइस जेट की यह फ्लाइट के डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आने का समय सुबह 8:30 बजे का है। प्लेन में सफर करने वाले यात्री ने बताया कि 10:00 बजे तक बोला गया था कि दूसरे प्लेन की व्यवस्था करके जबलपुर पहुँचा दिया जाएगा पर अभी भी सभी लोग दिल्ली एयरपोर्ट में ही रुके हुए है। 10:30 बजे प्लेन दिल्ली से जबलपुर के लिए उड़ा है।

टेक ऑफ के कुछ देर बाद ही प्लेन के केबिन में धुआं भरना शुरू हो गया था। उस समय प्लेन क्लाइंबिंग स्टेज में था यानी लगातार ऊंचाई की तरफ जा रहा था। धुआं दिखने के बाद यात्री घबरा गए उनमें चीख-पुकार मच गई। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद में विमान को खाली कराया गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद स्पाइसजेट की तरफ से बयान जारी किया गया। उसमें प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग और मुसाफिर के सुरक्षित होने की बात तो कही गई, लेकिन हादसे की वजह नहीं बताई गई है। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जांच की बात कही है।