Wednesday, September 30, 2026

हरिद्वार में संघ का 2024 चुनाव पर चिंतन:गांव-गांव तक शाखा, सरकार-संघ में बेहतर तालमेल और दलितों, पिछड़ों को साथ लाने पर फोकस

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पांच दिवसीय बैठक हरिद्वार में जारी है। हाल ही में BJP की चार राज्यों में चुनावी जीत के बाद हो रही इस बैठक को लेकर काफी उत्सुकता है। संघ की यह बैठक दो जगह हो रही है। दक्षिण भारत में अलग मीटिंग हो रही है, उत्तर भारत की बैठक हरिद्वार में चल रही है। इसमें पांच बिंदुओं पर प्रमुख रूप से मंथन और आगे का एजेंडा सेट किया जा रहा है। इनमें 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ 2025 में RSS के स्वर्ण शताब्दी वर्ष का एजेंडा प्रमुख है।

चार राज्यों में भाजपा के संगठन महामंत्री बदलने पर चर्चा
संघ की बैठक में चार राज्यों यूपी, राजस्थान, हिमाचल और बंगाल के संगठन महामंत्री को लेकर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक यूपी के BJP संगठन महामंत्री साल 2014 से ये जिम्मेदारी निभा रहे हैं। 9 साल के बाद अब उनको बदलने की चर्चा है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान TMC से मिले होने का आरोप संगठन महामंत्री पर लगा। इसकी शिकायत BJP और RSS के पदाधिकारियों तक पहुंची है।

हिमाचल में अगले साल चुनाव होने हैं। इसलिए हो सकता है कि हिमाचल के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा से कार्यभार वापस न लिया जाए। हालांकि राजस्थान के संगठन महामंत्री का कार्यक्षेत्र बदला जा सकता है। बता दें कि मध्य प्रदेश में बीते महीने ही संगठन महामंत्री को बदल गया था। RSS के सूत्र बताते हैं कि हरिद्वार की बैठक में संघ इन कार्यों की समीक्षा के आधार पर कभी भी फैसला ले सकता है।