दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने क्रिकेट सटोरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने स्मृति नगर क्षेत्र में हाईटेक तरीके से ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इंडिया बनाम इंग्लैंड के बीच होने वाले मैच के दौरान आईडी देकर क्रिकेट सट्टा खिला रहे थे. टेलीग्राम चैनल के माध्यम से 14 हजार लोगों को जोड़कर और पैसा लेकर आईडी मुहैया कराई जाती थी. यह कार्रवाई साइबर सेल और चौकी स्मति नगर पुलिस की टीम ने की है.
दरअसल क्रिकेट मैच और ओलंपिक में होने वाले मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है. जिस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के अधिकारियों को निर्देशित किया है. इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्मृति नगर क्षेत्र के साकेत नगर में एक किराए के मकान में क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है. पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया.







