रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित AIIMS में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनकी गाड़ी के ड्राइवर को भी सीने और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बलौदाबाजार से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही थीं सांसद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर-खरोरा मार्ग पर रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के कुछ देर बाद सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के वक्त उनकी गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे।
ड्राइवर के सीने और हाथ में चोट
हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, उनके ड्राइवर को सीने और हाथ में चोटें आई हैं। अन्य घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। सांसद को बेहतर इलाज के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है।
खरोरा पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।







