कोरबा, 20 मार्च: हिंदू नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को कोरबा शहर में आस्था, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर में भगवा ध्वज लहराते नजर आए, वहीं चौक-चौराहों और सड़कों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया, जिससे माहौल और भी भव्य हो गया।
इस अवसर पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा में देशभर की विविध लोक संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच युवाओं, युवतियों और महिलाओं की टोली “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ झूमती नजर आई।
शोभायात्रा का आयोजन हिंदू क्रांति सेना, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं सर्व हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। यात्रा दो स्थानों से प्रारंभ हुई—पहली सीतामढ़ी स्थित रामजानकी मंदिर से और दूसरी कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से। दोनों शोभायात्राएं टीपी नगर पहुंचकर संपन्न हुईं।
निर्धारित समय दोपहर 3 बजे था, लेकिन भारी भीड़ और उत्साह के चलते शोभायात्रा शाम 6 बजे के बाद प्रारंभ हो सकी। इससे पहले ही शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कुल 13 राज्यों के लोक कलाकारों ने भाग लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियां पूरे मार्ग में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं और जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पानी, शरबत और खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई। सुभाष चौक निहारिका, घंटाघर सहित कई स्थानों पर झांकियों का विशेष स्वागत किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान शहर में उत्सव और भक्ति का वातावरण बना रहा, जिसने हिंदू नववर्ष के पर्व को यादगार बना दिया।









