
रायपुर के राजीव नगर इलाके में एक कारोबारी के यहां से 50 लाख रुपए कीमत का हुक्का और उससे जुड़ा सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। सायबर सेल को राजीव नगर में हुक्का पिलाने और बेचने के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू हुई। मंगलवार रात सायबर सेल और खम्हारडीह थाने की संयुक्त टीम ने छापा मारकर कारोबारी अशोक मंधानी (55) को हुक्का पिलाते और बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कारोबापी अपने घर के पास ही लोगों को हुक्का पिला और बेच रहा था।
3 कमरों में छिपा रखा था
शुरुआती पूछताछ के बाद तलाशी ली गई तो सामने आया कि आरोपी ने अपने मकान के तीन कमरों में हुक्का पॉट, फ्लेवर्ड जर्दा जैसी सामग्री छिपा रखी है। पुलिस ने वहां से हुक्का पॉट्स के 3 हजार पैक, 1100 हुक्का पाइप, एक हजार चीलम, एक क्विंटल 50 किलोग्राम के करीब फ्लेवर्ड जर्दा आदि बरामद किया है। इसकी कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है।











