Sunday, August 2, 2026

हेयर ट्रांसप्लांट के 24 घंटे बाद मौत:बिहार में पुलिस जवान को सिर में दर्द हुआ, अस्पताल में दम तोड़ा; 11 मई को शादी होनी थी

पटना में एक पुलिस जवान की हेयर ट्रांसप्लांट के महज 24 घंटे बाद मौत हो गई। हेयर ट्रांसप्लांट के बाद युवक अपने क्वार्टर पर गया था। रात में उसके सिर में अचानक दर्द शुरू हुआ और सीने में जलन होने लगी। हालत बिगड़ने पर साथी जवान उसे हेयर ट्रांसप्लांट करने वाले सेंटर पर लेकर गए, जहां से उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया।

BSAP (बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस) में तैनात मनोरंजन पासवान (28) की 11 मई को शादी थी। उसके सिर के आगे के बाल झड़ गए थे, इसलिए उसने हेयर ट्रांसप्लांट करवाने का फैसला किया। छोटे भाई गौतम कुमार (बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर) ने बताया कि मनोरंजन पटना के बोरिंग रोड स्थित हेयर ट्रांसप्लांट एंड स्किन केयर सेंटर में इलाज करवा रहा था।