कवर्धा। होली के उल्लास के बीच कबीरधाम जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुई। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि अमर होली का त्योहार मनाने अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर दीवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।
होली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






