रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होली के दूसरे दिन कुछ युवकों द्वारा तलवार लहराने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, युवकों का एक समूह तलवार लेकर इलाके में घूम रहा था और आपस में बहस करते हुए हथियार लहरा रहा था। इससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर अरबाज खान (24), दुर्गेश साहू (26) और नंदन राय (40) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी सिविल लाइन इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






