आरंग। राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब वार्ड नंबर 2 स्थित साहू पारा में 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है। नीरज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
बाइक से घुमने निकला था, रास्ते में घेरकर हमला
जानकारी के अनुसार, होली के दिन नीरज लोधी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से घूमने निकला था। जैसे ही वे साहू पारा पहुंचे, वहां पहले से हुड़दंग कर रहे युवकों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने नीरज को चलती बाइक से नीचे गिरा दिया और बिना किसी ठोस वजह के उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान नीरज के साथ मौजूद उसके दोनों दोस्त किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और बाद में घटना की जानकारी दी।
शरीर पर तीन गहरे घाव, सिर पर भी गंभीर चोट
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नीरज के शरीर पर चाकू के तीन गहरे निशान मिले हैं। इसके अलावा उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
होली जैसे पर्व पर हुई इस नृशंस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।






