Tuesday, August 4, 2026

PM मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाने पर 100 FIR दर्ज:आम आदमी पार्टी के ऑफिस से निकली वैन में भी मिले पोस्टर, 6 गिरफ्तार

नई दिल्ली.दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाने के मामले में पुलिस ने 100 FIR दर्ज की हैं। सभी केस प्रिंटिंग प्रेस एक्ट और प्रॉपर्टी डिफेसमेंट एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) के ऑफिस से निकलते हुए एक वैन से भी पोस्टर जब्त किए गए। इस केस में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों में ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ नारों वाले पोस्टर लगे थे। इन पोस्टरों में प्रिंटिंग प्रेस का ब्योरा नहीं था। IP स्टेट थाने के एक कॉन्स्टेबल ने पप्पू मेहता नाम के एक शख्स को पोस्टर लगाते हुए पकड़ा था। पप्पू के पास 38 बंडल पोस्टर मिले थे।

आम आदमी पार्टी ने पूछा- पोस्टर में आपत्तिजनक क्या है
इधर, आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही बताया है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा- मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 FIR कर दीं? PM मोदी आपको शायद पता नहीं, पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है, एक पोस्टर से इतना डर क्यों?

आम आदमी पार्टी पोस्टर मामले को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन करेगी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब CM भगवंत मान भी शामिल होंगे।