Wednesday, July 1, 2026

12 साल के प्यार का दर्दनाक अंत:प्रेमिका पर हथौड़े और ब्लेड से किया हमला, फिर खुद भी लगाई फांसी

रायपुर में बुधवार तड़के 12 साल पुरानी प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 की एक महिला कर्मचारी की उसी के प्रेमी ने हथौड़ा और ब्लेड मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी उसने उसी कमरे में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान पड़ोसी उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आरोपी ने नहीं सुना। सूचना मिलने पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, मरने वाली महिला का नाम अर्चना साहू है। वह करीब 5 साल से डायल-112 में काम कर रही थी। उसका आरोपी कमलेश साहू से प्रेम प्रसंग था। दोनों ही दुर्ग के फेकारी गांव के रहने वाले थे। पुलिस को आरोपी कमलेश के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इससे ही दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई है। दोनों ने शादी नहीं की थी। अर्चना पुरानी बस्ती के बंधवापारा में किराये के मकान में रहती थी। वहीं कमलेश का भी लगातार आना-जाना था।