Friday, March 20, 2026

पत्नी ने बेटे और भाई के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट…

बालोद। पांच दिन पहले नवागांव के चुहरी तालाब में मिली लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पैतृक संपत्ति के विवाद के चलते पत्नी ने अपने बेटे और भाई के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया था। फिलहाल तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक थाना सूरेगांव के ग्राम अहिबरन चुहरी तालाब में 7 नवम्बर को एक शव मिला था। शव के शरीर पर गहरे चोट के निशान भी पाए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पहचान तुलाराम निवासी ग्राम मुढ़िया के रूप में की गई थी। इधर इस मामले को हत्या से जोड़कर एसपी सदानंद कुमार ने एडिशनल एसपी डीआर पोर्ते और साइबर सेल प्रभारी रोहित मालेकर को जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि, मृतक का उसकी पत्नी के साथ लम्बे समय से संपत्ति विवाद चल रहा है।