छत्तीसगढ़ से राजस्थान और जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों के सफर को रेलवे ने त्योहार पर राहत भरा कर दिया है। दुर्ग-अजमेर और दुर्ग-जम्मूतवी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें फिर से शुरू हो रही हैं। दुर्ग-अजमेर (08217) 13 सितंबर से और अजमेर-दुर्ग (08218) 14 सितंबर से चलेगी। इसी तरह दुर्ग-जम्मूतवी (08549) 14 सितंबर और जम्मूतवी-दुर्ग (08550) का 16 सितंबर से शुरू होंगी। कोविड-19 के कारण दोनों ट्रेनें बंद की गई थीं।
ट्रेन में होंगे 20 कोच, हर सोमवार दुर्ग, मंगलवार को अजमेर से चलेगी
इस ट्रेन को 20 कोच के साथ चलाया जा रहा है। ट्रेन हर सोमवार दुर्ग और प्रत्येक मंगलवार को अजमेर से चलेगी। इसमें 2 एसएलआरडी, 2 सामान्य, 11 स्लीपर कोच लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 3 AC-3 और 2AC- 2 की सुविधा दी गई है। यात्री इस ट्रेन के परिचालन के लिए लंबे समय से मांग कर रहे थे। यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित है और कोरोना संक्रमण के चलते केवल कंफर्म टिकट के ही यात्रियों को सफर करने की अनुमति होगी।
इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
दुर्ग-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दुर्ग से शाम 4 बजे रवाना होकर 4.30 बजे रायपुर, 5.11 बजे तिल्दा नेवरा, 5.33 बजे भाटापारा, 6.50 बजे उसलापुर रात 8.25 बजे पेंड्रा रोड, 9.20 बजे अनूपपुर, रात 12.50 बजे कटनी और मुड़वारा होते हुए अगले दिन शाम 5.45 बजे अजमेर पहुंचेगी। इसी तरह अजमेर से शाम 7.25 बजे चलकर दूसरे दिन शाम 4.28 बजे पेंड्रा रोड, 6.55 बजे उसलापुर, 7.51 बजे भाटापारा, 9.05 बजे रायपुर और रात 10.11 बजे दुर्ग पहुंचेगी।









