रायगढ़, 08 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 14 साल छोटे प्रेमी ने लिव-इन में रह रही महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (40 वर्ष) किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में रहती थी और पिछले 4 साल से विकेश बरैठ (26 वर्ष) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा थी, लेकिन पति से अलग रह रही थी और तलाक का मामला चल रहा था।
घटना 1 अप्रैल की है, जब महिला समय पर दवाई नहीं ले रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले महिला को थप्पड़ मारा, फिर उसके मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी।
आरोपी ने घटना को छुपाने की कोशिश की, लेकिन महिला को जिंदल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मौत की सूचना पुलिस को दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या का निकला।
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी विकेश से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि महिला की बीमारी और आपसी विवाद के चलते अक्सर झगड़े होते थे।








