knn24news/ छत्तीसगढ़ में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम अपने प्रदेश के लोगों की बेहतरी के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराने की भी बात कही। CM ने ये भी जानकारी दी कि रायपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति के लिए कलेक्टर को एक करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति दी गयी है।
इससे पहले उन्होंने सुबह सोशल मीडिया पर लोगों से इस कोविड काल में भगवान राम से सीख लेकर कोरोना को हराने की अपील की। उन्होंने कहा है कि जिस तरह श्रीराम ने संयम और सहनशीलता से 14 वर्षों का वनवास पूरा किया, साथ ही संसाधनों और सेना के कम होते हुए भी लंका नरेश रावण पर विजय प्राप्त की। विश्वव्यापी कोरोना महामारी के संकट के इस समय में उसी तरह हमें उनके आदर्शों का पालन करते हुए, उतने ही संयम से लॉकडाउन का पालन करते हुए कोरोना को हराना है।
बजट सत्र में बघेल ने फ्री वैक्सीन की घोषणा की थी
विधानसभा के बजट सत्र में 26 फरवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था, कोरोना के टीकाकरण मामले में केवल 3 करोड़ लोग ही केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं हैं। देश के पूरे 135 करोड़ लोगों को कोरोना का फ्री टीका लगवाने की व्यवस्था करनी चाहिए। यदि केन्द्र सरकार ऐसा करने से इंकार करती है, तो अपने राज्य में हम अपने खर्च पर टीकाकरण करवाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ के राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर अमर सिंह ठाकुर का अनुमान है, प्रदेश की 45% आबादी 18 से 45 वर्ष के इस दायरे में आएगी। यानी करीब 1.30 करोड़ लोग। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस आबादी के करीब 70% लोगों के लिये राज्य सरकार को ही टीका खरीदना होगा। यह आबादी 91 लाख के करीब होती है। अनुमान है कि इसका खर्च 350 से 400 करोड़ रुपए हो सकता है।








