Thursday, August 27, 2026

19 की उम्र, 15 राज्यों में 57 फ्रॉड-केस:रायपुर के डॉक्टर से ठगे 3 करोड़; बीकॉम में पढ़ने वाले स्टूडेंट ने बनाई ‘बदमाश-कंपनी’

अंकित अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी करता था। उनकी भी पुलिस तलाश कर रही है। - Dainik Bhaskarरायपुर.हैलो! क्या आप शेयर मार्केट में निवेश करते हैं? हमारे ऐप में इन्वेस्टमेंट ऐप है। आप इसे डाउनलोड कीजिए। इसमें आपको शेयर मार्केट से भी ज्यादा मुनाफा होगा। बदले में आपको मुनाफे से 10 प्रतिशत हमारी कंपनी को देना होगा।’

इस एक कॉल ने रायपुर के डॉक्टर से 3 करोड़ रुपए ठग लिए। पुलिस जब शातिर ठग तक पहुंची तो हैरान रह गई। वह महज 19 साल का एक लड़का था, जो बीकॉम सेकेंड ईयर में पढ़ रहा था। वह 15 राज्यों में लोगों को ठगने की हाफ सेंचुरी बना चुका है।

फिलहाल रायपुर पुलिस साउथ दिल्ली के जेजे कैंप निवासी आरोपी अंकित सिंह को गिरफ्तार कर ले आई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी स्टूडेंट और उसके दोस्तों ने कई बैंक खाते खुलवा रखे हैं। ठगी की रकम इन्हीं अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी।

पुलिस पूछताछ में अंकित ने बताया कि, उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक फर्जी कंपनी बनाई। इसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए। ये लोग सोशल मीडिया पर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देते। जब लोग इनके झांसे में आ जाते तो वर्चुअली मुनाफे की रकम दिखाते।

इस रकम को विड्रॉल के नाम पर लोगों से खातों में रुपए जमा करा लेते। इस तरह आरोपियों ने दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, वेस्ट बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल सहित कई राज्यों में अब तक 57 लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाया।

नाबालिगों को पैसे देकर खुलवाए खाते

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी करता था। उनकी भी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी अलग-अलग खातें में रकम ट्रांसफर कराते थे। बताया जा रहा है कि इसके लिए नाबालिगों के भी खाते खोले गए। इसके बदले उन्हें रुपए दिए गए थे।

सभी आरोपियों के काम बांटे गए थे। इनमें सिम, मोबाइल से लेकर खाता खुलवाने और लोगों को फंसाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।