Sunday, November 15, 2026

छठ महापर्व पर आस्था का सैलाब, बिलासपुर में 1 KM लंबा घाट तो रायपुर के महादेव घाट मार्ग पर लगा जाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रविवार शाम प्रदेशभर के घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ तथा पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचकर छठी मैया और सूर्यदेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

ढोल-नगाड़ों और छठी मैया के पारंपरिक गीतों के बीच घाटों पर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। प्रदेश के बिलासपुर और रायपुर समेत कई शहरों में छठ पूजा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।

बिलासपुर में अरपा नदी के तट पर 1 किलोमीटर लंबा घाट तैयार

बिलासपुर में अरपा नदी के तट पर छठ पूजा के लिए करीब एक किलोमीटर लंबा घाट तैयार किया गया है। यहां बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने पहुंचे। आयोजन को विशेष बनाने के लिए 5100 दीप जलाकर महाआरती की तैयारी की गई है।

इस दौरान उत्तर प्रदेश से पहुंचीं प्रीति राय ने बताया कि उन्होंने अपने पड़ोसियों के साथ छठ पूजा की तैयारियों और आयोजन में पूरी मदद की। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था और आपसी सहयोग का पर्व है, जिसमें सभी लोग मिलकर आयोजन को सफल बनाते हैं।

रायपुर के महादेव घाट मार्ग पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम

राजधानी रायपुर में भी छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महादेव घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण महादेव घाट जाने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

छठ पूजा में पंडित की नहीं होती अनिवार्यता

बिलासपुर छठ पूजा आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र दास ने बताया कि छठ पूजा में पंडित की व्यवस्था अनिवार्य नहीं होती। इस पर्व में श्रद्धालु स्वयं भगवान सूर्य की उपासना करते हैं और छठी मैया से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति तथा परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत का पारंपरिक रूप से समापन होगा। छठ पूजा में संतान की लंबी उम्र, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि के लिए श्रद्धालु कठिन निर्जला व्रत रखते हैं।