कोरबा, 22 मार्च 2025। नगर पालिक निगम कोरबा की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर विपक्ष ने तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद कृपाराम साहू के नेतृत्व में कई पार्षदों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए निगम द्वारा किए जा रहे जनविरोधी कार्यों पर नाराजगी जताई है।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहा है, जिससे आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कृपाराम साहू ने आरोप लगाया कि महापौर मस्त हैं और जनता त्रस्त।

ये हैं मुख्य शिकायतें –

  1. जल संकट: ज्ञापन के अनुसार, कोरबा के 67 वार्डों में नियमित जल आपूर्ति बाधित है। तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर कई दिनों तक जल सेवा ठप रहती है। साथ ही सप्लाई किया जा रहा पानी पीने योग्य नहीं है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

  2. स्ट्रीट लाइट की खराब व्यवस्था: वार्डों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय अंधकार पसरा रहता है। वहीं नगर के मुख्य चौक-चौराहों पर जलती लाइटों को भी कमीशनखोरी के चलते बदला जा रहा है। इसके चलते बस्तियों में लोग डर के माहौल में रहने को मजबूर हैं।

  3. सफाई व्यवस्था चरमराई: शहर में सफाई की स्थिति दयनीय है। हाट-बाजारों, नालियों और गलियों में गंदगी पसरी है। गरीब व्यापारियों से सफाई के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है जबकि सफाई का बजट बढ़ा दिया गया है, फिर भी सफाई कार्य संतोषजनक नहीं है।

  4. विकास कार्यों में भेदभाव: वार्डों में विकास कार्यों के वितरण में भारी असमानता है। कुछ वार्डों में एक भी कार्य नहीं हो रहा जबकि कुछ में फिजूलखर्ची कर अनावश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। इससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

  5. प्रधानमंत्री आवास योजना में भेदभाव: पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा, जिससे योजना की मूल भावना को ठेस पहुंच रही है।

इस ज्ञापन पर विपक्षी पार्षद बद्री किरण (वार्ड 45), मुकेश राठौर (वार्ड 19), रवि सिंह चंदेल (वार्ड 4), सुभाष राठौर (वार्ड 22), प्रीति शर्मा (वार्ड 40) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।