
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों से मायानगरी मुंबई तक मानसून झमाझम बरस रहा है। माैसम विभाग के अनुसार, दो दिन से देश के 20 से अधिक राज्यों में बारिश हो रही है। बुधवार काे बीते 24 घंटे में देशभर में 12.2 मिमी बारिश हुई, जो एक दिन में सामान्य बारिश से 47% अधिक है। यह इस सीजन में एक दिन की सबसे अधिक बारिश भी है।
दो दिन से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। इससे पहाड़ी राज्यों में कई जगह बाढ़ और लैंडस्लाइड से हादसे हुए हैं। बुधवार को हिमाचल के कुल्लू व शिमला में बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग लापता हैं। वहीं, राजस्थान में बिजली गिरने से बूंदी में 2, बारां में 2 और भरतपुर में एक की मौत हो गई। यहां कई जिलों में अलर्ट है।
कर्नाटक के पंजकाल गांव में लैंडस्लाइड
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में लैंडस्लाइड होने से 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के बाद पंजकाल गांव में भूस्खलन हुआ था। एक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया था। इनमें से 2 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौसम विभाग ने तटीय कर्नाटक के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते यहां के सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है।








