Sunday, June 28, 2026

200 किलो MD ड्रग मिली, वडोदरा में कैमिकल फैक्ट्री में बन रही थी; मुंबई और गोवा तक थी सप्लाई

समुद्री रास्ते से गुजरात में ड्रग्स की सप्लाई मामले आए दिन सामने आते रहते हैं, लेकिन अब वडोदरा में प्रतिबंधित MD ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई है। ATS ने वडोदरा जिले के मोक्षी गांव में इस फैक्ट्री से 200 किलो ड्रग जब्त की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1000 करोड़ रुपए आंकी गई है।

केमिकल की आड़ में बन रही थी ड्रग
ATS के DIG दीपेन भद्रन ने बताया- गुप्त सूचना मिली थी कि वडोदरा की सावली तहसील के पास ड्रग्स का बड़ा जत्था है। ATS ने सोमवार को मोक्षी गांव की इस फैक्ट्री में छापा मारा। वहां ड्रग का जखीरा तो मिला ही, यह भी पता चला कि केमिकल बनाने की आड़ में MD ड्रग तैयार की जा रही थी। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।

मुंबई और गोवा हो रही थी ड्रग्स की सप्लाई
डीआईजी दीपेन भद्रन ने आगे बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्रग्स की सप्लाई गोवा और मुंबई की जा रही थी। एटीएस को संदेह है कि देश के अन्य इलाकों में भी यहां से ड्रग्स की सप्लाई हुई है। अब एटीएस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां-कहां हुई? फिलहाल इसकी भी जांच जारी है कि पूरे रैकेट में अहम रोल किन-किन लोगों के हैं।

जब्त की गई ड्रग्स 6 महीने पहले हुई थी तैयार
डीआईजी दीपेन भद्रन के बताए अनुसार शुरूआती जांच में पता चला है कि जब्त की गई यह ड्रग्स करीब 6 महीने पहले तैयार की गई थी। इसलिए इसकी भी पूरी संभावना है कि एक बार में ही काफी मात्रा में ड्रग्स तैयार की गई थी, जिनकी सप्लाई देश के विभिन्न इलाकों में हो चुकी हो।