Friday, August 7, 2026

2024 में मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है तो,छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनवाएं-गृहमंत्री अमित शाह

कोरबा. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोरबा पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया है। वे झारखंड के चाईबासा से सीधे कोरबा पहुंचे। पहले उन्हें राजधानी रायपुर होते हुए कोरबा पहुंचना था। लेकिन ऐन मौके पर उनके दौरे में बदलाव किया गया। कोरबा पहुंचने के बाद अमित शाह का बीजेपी नेताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए हल भेंट किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि,श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ आना उनका सौभाग्य है। यहां की जनता ने बीजेपी को 15 साल शासन करने का मौका दिया, उसके लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि पहले सभी छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य कहते थे, लेकिन बीजेपी ने इसे बीमारू से विकसित राज्य बनाने की ओर अग्रसर किया। अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये केवल झूठ बोलते हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया।

गृहमंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि हमने 15 सालों में प्रदेश से नक्सलवाद को खत्म किया। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए क्या किया? कांग्रेस सरकार ने जनजातियों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया

बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरबा से देर शाम रायपुर लौटेंगे, जहां एयरपोर्ट पर ही गृहमंत्री से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुलाकात करेंगे। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

पिछले आमचुनाव में 2 सीटों पर हारी थी बीजेपी

बीजेपी को पिछले आम चुनाव में छत्तीसगढ़ की दो लोकसभा सीटें कोरबा और बस्तर में हार का सामना करना पड़ा था। जिसको लेकर बीजेपी इस बार कोई गलती नहीं करना चाहेगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि चारों संगठनात्मक जिले के सभी मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जन सामान्य शाह को सुनने के लिए आएंगे। यह कार्यक्रम ऊर्जा नगरी के इतिहास में दर्ज होगा।