रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। रविवार देर रात से सोमवार शाम तक महज 24 घंटे के भीतर शहर के चार अलग-अलग इलाकों—गांधीनगर, इंद्रप्रस्थ फेस-2, डबरापारा और मौदहापारा—में चाकूबाजी की घटनाएं हुईं, जिनमें कुल 8 लोग घायल हो गए।
सबसे गंभीर मामला मौदहापारा इलाके में सामने आया, जहां इफ्तारी के लिए जा रहे दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मो. अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी लेने जा रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते रवि रक्सेल और उसके साथियों ने विवाद कर उन पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मरही माता मंदिर के पास दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भारी बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
घटना से आक्रोशित लोगों की बड़ी संख्या मौदहापारा थाने पहुंची और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस फोर्स इलाके में तैनात की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो खंगाले जा रहे हैं। सभी घटनाओं में एफआईआर दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।







