बलौदाबाजार। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जनपद पंचायत पलारी के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (RES) में हड़कंप मच गया है।
मुरूम समतलीकरण कार्य के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भवानीपुर के उप सरपंच फागु सेन ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुरूम समतलीकरण कार्य के बदले एसडीओ द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की जांच के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि गोपाल कृष्ण शर्मा का कुछ माह पहले ही प्रमोशन हुआ था और वे जनपद पंचायत पलारी के RES विभाग में एसडीओ पद पर पदस्थ थे।
पूछताछ जारी, आगे होगी कानूनी कार्रवाई
एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारी-कर्मचारियों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।






