Sunday, August 9, 2026

25 जुलाई से श्रावण मॉस प्रारंभ.. इस बार महादेव को जल अर्पित नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु

कोरबा : सावन सोमवार पर इस बार भी बाबा कनकेश्वर महादेव को जल अर्पित करने का अवसर कांवड़ियों को नहीं मिल सकेगा। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए दर्शनार्थियों को मंदिर के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें बाहर से ही महादेव को नमन-वंदन कर लौटना होगा। पर्व पर वर्षों से लगने वाला सावन का मेला इस बार भी नहीं लग सकेगा।

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर कनकेश्वरधाम कनकी में श्रावण मास पर प्रतिवर्ष मेले का आयोजन होता रहा है। श्रावण सोमवार को कनकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं एवं कतार में खड़े होकर जलाभिषेक करते हैं। पर इस वर्ष न यहां मेला लगेगा, न दुकानें ही सजेंगी। दर्शनार्थी दूर से कनकेश्वर महादेव का दर्शन कर सकते हैं। दर्शनार्थियों को गर्भ-गृह में प्रवेश की अनुमति नही होगी। मंदिर में भंडारा सहित रूद्राभिषेक जैसे कार्यक्रम पर पूर्णरूप से प्रतिबंध रहेगा।