कोरिया। कोरिया जिला में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक सब इंस्पेक्टर को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पुलिस अधिकारी मर्डर केस में फंसाने की धमकी देकर किसान से पैसे मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, पोड़ी चौकी में पदस्थ अब्दुल मुनाफ और एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने गांव के किसान से मामला रफा-दफा करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की थी। किसान की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और रिश्वत लेते हुए सब इंस्पेक्टर को पकड़ लिया।
मर्डर केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी रिश्वत
ग्राम पोड़ी निवासी किसान सत्येंद्र प्रजापति के यहां निर्माण कार्य के दौरान मजदूर के बेटे की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने किसान को आपराधिक केस में फंसाने की धमकी दी और बचाने के बदले पैसे मांगे।
किसान के अनुसार, रकम ज्यादा होने पर उसने देने से मना किया तो उसे मर्डर केस में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद किसान ने ACB में शिकायत दर्ज करा दी।
जाल बिछाकर की गई कार्रवाई
24 फरवरी को किसान जब पैसे देने पोड़ी चौकी पहुंचा, तो पहले से मौजूद ACB की टीम ने केमिकल युक्त नोटों के साथ ट्रैप कर सब इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी लगातार रिश्वत लेने से इनकार करता रहा।
एएसआई की भी गिरफ्तारी
मामले में शामिल एएसआई को बाद में अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






